भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अज़ार ने कहा है कि इजरायल इस सप्ताह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करने के लिए उत्साहित है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी की यात्रा के दौरान दोनों देश निर्णायक रूप से आगे बढ़ेंगे।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि जब भारत और इजरायल की बातचीत होती है तो यह केवल एक बैठक नहीं बल्कि विश्वास पर आधारित साझेदारी होती है, जो चुनौतियों की स्पष्ट समझ से निर्देशित होती है और नवाचार से संचालित होती है।
इजरायली राजदूत ने कहा कि दोनों देश मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान भारत और इजरायल सुरक्षा समझौतों को अद्यतन करके रक्षा साझेदारी को और मजबूत करेंगे। इजरायली राजदूत ने कहा कि दोनों देशों ने वर्षों से मिलकर काम किया है।
उन्होंने कहा कि दुनिया के सामने मौजूद खतरों का सामना करने के लिए, भारत तथा इजरायल अपने सुरक्षा समझौतों को अद्यतन करके रक्षा संबंधों को और मजबूत करेंगे। इससे दोनों पक्ष अधिक संवेदनशील परियोजनाओं में शामिल हो सकेंगे और मिलकर तकनीकी समाधान विकसित कर सकेंगे।