इंडोनेशिया में, चक्रवाती तूफान के कारण विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 500 से अधिक हो गई है। 500 से अधिक लोग लापता और हज़ारों लोग घायल हुए हैं। बचावकर्मियों को अब भी प्रभावित इलाकों तक पहुँचने में कठिनाई हो रही है। आचे, उत्तरी सुमात्रा और पश्चिमी सुमात्रा प्रांत सबसे अधिक प्रभावित हैं। हज़ारों लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है तथा ज़रूरी सामान की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने कहा कि सरकार राहत कार्यों में सहायता के लिए हेलीकॉप्टर और विमानों का उपयोग कर रही है।
पिछले सप्ताह इंडोनेशिया में चक्रवात सेन्यार के प्रभाव से कई घर बह गए और हज़ारों इमारतें जलमग्न हो गईं। मूसलाधार वर्षा और तूफ़ान से थाईलैंड, मलेशिया, फिलीपींस और श्रीलंका के कुछ हिस्सों में लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। चक्रवात के प्रभाव से इस महीने पूरे एशिया में एक हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई है।