इंडिया ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में, इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी ने कल नई दिल्ली में सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू को हराकर पुरुष सिंगल्स के फाइनल में जगह बना ली है। क्रिस्टी ने सेमीफाइनल मैच 21-18, 22-20 से जीता और आज उनका मुकाबला चीन के ताइपे के लिन चुन-यी से होगा, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में कनाडा के विक्टर लाई को 21-9, 6-21, 22-20 से हराया।
महिला सिंगल्स में कोरिया की आन से यंग ने थाईलैंड की पूर्व विश्व चैंपियन रचनोक इंतानोन को 21-11, 21-7 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। आज उनका मुकाबला चीन की वांग झी यी से होगा, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में अपनी हमवतन और टोक्यो 2020 की स्वर्ण पदक विजेता चेन यू फी को 21-15, 23-21 से हराया।
महिला डब्ल्स के फाइनल में आज जापान की युकी फुकुशिमा और मायु मात्सुमोतो का मुकाबला चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी लियू शेंग शू और टैन निंग से होगा।
मिक्स्ड़ डब्ल्स का फाइनल आज डेनमार्क के मैथियास क्रिस्टियनसेन और एलेक्जेंड्रा बोजे की जोड़ी तथा थाईलैंड के देचापोल पुवारानुकरोह और सुपिसारा पेवसम्प्रान की जोड़ी के बीच खेला जाएगा।
पुरुष डब्ल्स के फाइनल में आज जापान के हिरोकी मिडोरिकावा और क्योहेई यामाशिता का मुकाबला चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग से होगा।