फ़रवरी 19, 2026 1:59 अपराह्न

printer

इंडिया एआई समिट में स्टार्टअप संस्थापकों ने साझा किया अपना अनुभव

क्लाइमएग्रो एनालिटिक्स के संस्थापक डॉ. हर्षित मिश्रा ने कहा कि एआई के क्षेत्र में विशेष रूप से कृषि क्षेत्र में काम कर रहे कई स्टार्टअप इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से कई स्टार्टअप फसल को होने वाली हानि, कृषि में जलवायु परिवर्तन से संबंधित चुनौतियों और अन्य विशिष्ट मुद्दों के समाधान पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। डॉ. हर्षित ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन नवप्रवर्तकों को विचारों का आदान-प्रदान करने और इन समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए सहयोग का एक मंच प्रदान करता है।

स्कैनजेनी साइंटिफिक प्राइवेट लिमिटेड की जनसंपर्क और संचार अधिकारी इशिता पाल ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट को एक ऐसा मंच बताया जो विभिन्न क्षेत्रों और देशों में व्यापक सहयोग के माध्यम से ज्ञान को बढ़ावा देता है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने उन्हें एआई और मशीन प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे विकास की गहरी समझ हासिल हुई है।

एकलव्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक आदित्य त्रिपाठी ने कहा कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में उनका अनुभव बेहद शानदार रहा। उन्होंने बताया कि वे नेटवर्किंग की उम्मीद से समिट में आए थे, लेकिन उन्हें नीति निर्माताओं, निवेशकों, सलाहकारों और अन्य हितधारकों के साथ बातचीत करने का अवसर मिला। उन्‍होंने इस अनुभव को असाधारण बताया।

एआई-आधारित मॉक इंटरव्यू प्लेटफॉर्म रियलप्रेप एआई के संस्थापक अभिषेक गुप्ता और सह-संस्थापक आकाश कुमार ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट को एक शानदार अनुभव और अपने नवाचार को प्रदर्शित करने के लिए एक मूल्यवान मंच बताया। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि इस पहल से छात्र के रूप में महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्‍त हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर युवा नवोन्मेषकों को प्रौद्योगिकी-आधारित समाधान विकसित करने और प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।