भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि आरक्षण अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछडा वर्ग का संवैधानिक अधिकार है और जब तक भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है तब तक यह जारी रहेगा।
श्री शाह ने गुजरात के छोटा उदेपुर, वलसाड और नवसारी के वांसदा में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। वांसदा में श्री शाह ने कहा कि भाजपा देश के सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में एक साधारण जनजातीय महिला देश की राष्ट्रपति बनी है। उन्होंने जनजातियों को गुमराह करने और देश में आरक्षण प्रणाली के बारे में गलत सूचना फैलाने के लिए कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्षों से आरक्षण पर राजनीति कर रही है और गरीबों तथा वंचितों के साथ अन्याय कर रही है।
श्री शाह ने कोविड महामारी से सफलतापूर्वक निपटने का श्रेय भी भाजपा सरकार को दिया। उन्होंने छोटा उदेपुर और वलसाड के मतदाताओं से विकास के लिए मतदान करने और भाजपा प्रत्याशियों को चुनने की अपील की।
गुजरात के छोटा उदेपुर में एक रैली में श्री शाह ने कहा कि भाजपा सरकार सदैव गरीबों और वंचित समुदायों के कल्याण तथा आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।