जुलाई 10, 2024 7:50 अपराह्न

printer

आम उत्पादकों के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे टेस्टिंग और पैकिंग सेंटर बनायेगी सरकार

प्रदेश के आम उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कम कीमत पर अपना माल पहुंचाने की सुविधा देने के लिये सरकार यमुना एक्सप्रेस-वे टेस्टिंग और पैकिंग सेंटर बनायेगी, जहां से भविष्य में जेवर एयरपोर्ट के जरिये कारगो विमानों से विभिन्न देशों तक आम पहुंचाया जा सकेगा। प्रदेश के कृषि निर्यात मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने आज बताया कि पिछले वर्श जहां विदेशों में प्रदेश के 44 मीट्रिक टन आम की खेप भेजी गई थी, वहीं इस साल अब तक 70 मीट्रिक टन आम विभिन्न देशों के बाजार में भेजा जा चुका है।

 

उन्होंने बताया कि कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आम महोत्सव का उद्घाटन राजधानी लखनऊ में करेंगे, जो अगले दो दिनों तक चलेगा। पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश का आम प्रमुख तौर पर रूस, दुबई और बहरीन भेजा गया था। वहीं इस वर्ष इस सूची में जापान भी शामिल हो जायेगा, जहां के लोग प्रदेश के मशहूर किस्मों के आम का स्वाद चख सकेंगे।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बागवानी को प्रोत्साहन देने के लिये खाली पड़ी जमीन को प्राइवेट कम्पनियों और विभिन्न संस्थानों को मुहैया करायेगी, ताकि अधिक से अधिक फलों का उत्पादन बढ़ सके।