आम आदमी पार्टी ने आज राजधानी में अतिक्रमण से जुडे दिल्ली सरकार की कार्रवाई के विरूद्ध नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर पार्टी के दिल्ली प्रमुख सौरभ भारद्धाज ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को बिना किसी नोटिस दिए उनके घर उजाड रही है। उन्होंने सरकार से इन लोगों को नए घर प्रदान करने की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर, भाजपा ने आम आदमी पार्टी के सभी आरोपों का खंडन किया। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा की आप इस मुद्दे को लेकर लगभग एक महीने से भ्रम फैला रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि सत्ता में 10 साल रहने के बावजूद भी पार्टी ने झुग्गी वासियों को बेहतर व्यवस्थाएं क्यों नही दीं।
कांग्रेस भी इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के विरूद्ध दिखाई दी। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि गरीब कल्याण में विफल रहने के बाद अब आप का यह प्रदर्शन मात्र एक दिखावा है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब एक दशक तक मुख्यमंत्री रहने के बावजूद भी अरविंद केजरीवाल ने ना ही झुग्गी झोपडीवासियों से मिलने की कोशिश की और ना ही उनकी समस्याओं को समझा।