दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तारी के विरोध में, आज आम आदमी पार्टी ने जंतर-मंतर पर एक दिन का सामूहिक उपवास किया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तारी के विरोध में, आज आम आदमी पार्टी ने जंतर-मंतर पर एक दिन का सामूहिक उपवास किया। इसमें आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, आतिशी, गोपाल राय सहित कई अन्य नेताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर संजय सिंह ने आरोप लगाया कि शराब नीति घोटाले में सभी प्रमाण और बयान मनगढ़ंत हैं। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी सच के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
इधर, भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ कनॉट प्लेस में धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने जनता के पैसे से अपने आवास का पुनर्निर्माण कराया है जो किसी शीशमहल से कम नहीं है। श्री सचदेवा ने मुख्यमंत्री आवास के साथ सेल्फी अभियान की भी शुरूआत की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की नींव पर खडी केजरीवाल सरकार को दिल्ली की जनता कभी माफ नहीं करेगी।