अगस्त 29, 2024 7:43 पूर्वाह्न

printer

आपातकालीन प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग पर भारतीय और रूसी आयोग की दूसरी संयुक्त बैठक मास्को में शुरू

आपातकालीन प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग पर भारतीय और रूसी आयोग की दूसरी संयुक्त बैठक कल मास्को में शुरू हुई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय कर रहे हैं। बैठक के पहले दिन वर्ष 2025-2026 के लिए आपातकालीन प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग पर भारत-रूस संयुक्त आयोग की कार्य योजना पर श्री राय और रूसी संघ के नागरिक सुरक्षा, आपात स्थिति और प्राकृतिक आपदा प्रबंधन मंत्री कुरेनकोव अलेक्सांद्र व्याचेस्लावोविच ने हस्ताक्षर किए गए।

दोनों देश 2025-2026 के दौरान इस योजना को लागू करने पर सहमत हुए और उन्‍होंने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सर्वोत्‍तम तकनीकों का आदान-प्रदान जारी रखने का भी निर्णय किया। यह बैठक भारत और रूस के बीच पिछले समझौतों पर अमल करने की रणनीति बनाने के लिए महत्वपूर्ण है। आपातकालीन प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग पर भारत-रूस संयुक्त आयोग की पहली बैठक 2016 में नई दिल्ली में आयोजित की गई थी।