मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

सितम्बर 9, 2024 9:00 पूर्वाह्न

printer

आन्ध्र प्रदेश: मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबु नायडू ने लिया बाढ़ की स्थिति का जायजा, बाढ़ग्रस्त लोगों तक पहुंचायी जा रही है राहत सामग्री

आन्ध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबु नायडू ने कल रात विजयवाड़ा कलेक्ट्रेट में संवाददाताओं को बाढ़ की स्थिति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बादल फटने के कारण राज्य में अत्यधिक वर्षा हुई है। लगभग 6 लाख लोगों पर बाढ़ का असर पड़ा है। अनेक लोग अब भी बाढ़ में फंसे हैं। श्री नायडु ने बताया कि बाढ़ग्रस्त लोगों तक राहत सामग्री पहुंचायी जा रही है, स्थिति नियंत्रण में है और बाढ़ का पानी निकालने के हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने श्रीकाकुलम और एएसआर जिले में और अधिक वर्षा के प्रति आगाह किया। उन्होंने बताया कि विभिन्न जलाशयों पर नजर रखी जा रही है। सरकार भोजन, पानी उपलब्ध कराने और चिकित्सा शिविरों पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार भविष्य में ऐसी आपदाओं की रोकथाम के लिए प्रतिबद्ध है।