नई दिल्ली में आज 16वें आसियान देशों और सहभागी देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक एडीएमएम प्लस के अंतर्गत आतंकवाद से निपटने को लेकर विशेषज्ञ कार्य समूह की बैठक शुरू हुई। भारत और मलेशिया इसकी संयुक्त अध्यक्षता कर रहे हैं। इस बैठक में आसियान के 11 सदस्य देशों और सात सहभागी देशों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ आसियान सचिवालय के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
यह बैठक आतंकवाद रोधी मामलों में भारत के बहुपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के लिए तीन वर्षीय कार्य योजना के तहत चल रही और नियोजित गतिविधियों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद ने कहा कि आतंकवाद से लड़ने के लिए सामूहिक प्रयास ही क्षेत्र की शांति और समृद्धि को निर्धारित करेंगे। श्री प्रसाद ने कहा कि बैठक के दौरान, आतंकवाद रोधी अभियानों और खुफिया ढांचों में श्रेष्ठ प्रणालियों के साथ-साथ प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के प्रयासों को साझा किया जाएगा।