मार्च 1, 2026 9:41 अपराह्न

printer

आज से देशभर में स्वास्थ्य जांच शिविरों के साथ शुरू हुआ ‘जनऔषधि सप्ताह 2026’

किफायती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं के बारे में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘जनऔषधि सप्ताह 2026’ आज से देशभर में स्वास्थ्य जांच शिविरों के साथ शुरू हुआ। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाला यह उत्सव 8वें जनऔषधि दिवस तक चलेगा। मंत्रालय ने बताया है कि इस कार्यक्रम के तहत, औषधि विभाग द्वारा इस महीने की 5 तारीख तक देशभर में 250 से अधिक स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के पहले दिन, देशभर में लगभग 50 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच और अन्य सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें मुफ्त रक्त परीक्षण, रक्तचाप और थायरॉइड परीक्षण शामिल हैं। शिविरों में जनऔषधि की दवाओं का मुफ्त वितरण भी किया गया। कई केंद्रों पर फिजियोथेरेपी परामर्श, नेत्र जांच और बाल स्वास्थ्य संबंधी पहल जैसी अतिरिक्त सेवाएं भी आयोजित की गईं।

प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) के तहत, देश भर में 18 हजार से अधिक जन औषधि केंद्र संचालित हो रहे हैं। मंत्रालय ने कहा है कि पीएमबीजेपी के तहत चल रहे प्रयास सभी के लिए किफायती कीमतों पर गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करके भारत की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार ने 2027 तक इस नेटवर्क को 25 हजार केंद्रों तक विस्तारित करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है, जिससे किफायती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की अंतिम छोर तक पहुंच को मजबूत किया जा सके।