आज से देशभर में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो रहा है। नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्रि में भक्त माँ दुर्गा के नौ रूपों की विशेष पूजा-अर्चना कर व्रत रखते हैं। आज पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है।
राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चैत्र नवरात्रि और हिन्दू नव वर्ष ‘‘विक्रम संवत-2082’’ के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि नवरात्रि के पावन दिनों में माँ दुर्गा के नौ रूपों की उपासना हमें शक्ति, धैर्य और उत्साह प्रदान करती है। यह दिव्य पर्व श्रद्धा, भक्ति और शक्ति की आराधना का प्रतीक है, जो जीवन में नई ऊर्जा, सुख, समृद्धि और हर्षोल्लास का संचार करता है। राज्यपाल ने माँ दुर्गा से समस्त प्रदेशवासियों के लिए नई ऊर्जा, सकारात्मकता और सफलता के साथ ही उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्रि को शक्ति की उपासना का पर्व बताते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है। नवरात्रि का यह पर्व समाज में महिलाओं के महत्व और शक्ति को दर्शाता है।