राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिन की यात्रा पर आज शाम हैदराबाद पहुंचेंगी। वे आज शाम एक धार्मिक चैनल द्वारा आयोजित ‘कोटि दीपोत्सवम’ में भाग लेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल सुबह चौथे अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव- लोकमंथन का औपचारिक उद्घाटन करेंगी। हैदराबाद यात्रा के दौरान शहर के राज भवन में उनका सम्बोधन भी होगा।
इस बीच पूर्व उपराष्ट्रपति एम0 वेंकैया नायडू ने लोकमंथन में प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन किया। चार दिन के इस कार्यक्रम में कई राज्यों के राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, बुद्धिजीवी और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के समापन समारोह में भाग लेने की उम्मीद है।