मार्च 1, 2026 7:21 पूर्वाह्न

printer

आज तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे पीएम नरेन्‍द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में 7 हजार 100 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री राजस्थान और गुजरात के दौरे के बाद कल रात चेन्नई पहुंचे।

   

पुद्दुचेरी में, प्रधानमंत्री आज सुबह 2 हजार 700 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें चेन्नई बीच-चेन्नई एग्मोर चौथी रेल लाइन का उद्घाटन भी शामिल है। यह परियोजना चेन्नई उपनगरीय रेल नेटवर्क की परिचालन क्षमता बढ़ाएगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित भी करेंगे।

   

इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर में तमिलनाडु के मदुरै पहुंचेंगे। जहां वे 4 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक की अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और आधारशिला रखेंगे। तमिलनाडु में प्रसारण सेवाओं को और मजबूत करने के लिए, प्रधानमंत्री कुंभकोणम, येरकौड और वेल्लोर में तीन नए आकाशवाणी एफ.एम. रिले ट्रांसमीटरों का उद्घाटन करेंगे। ये ट्रांसमीटर क्षेत्रीय कवरेज का विस्तार करेंगे, निर्बाध एफ.एम. प्रसारण सुनिश्चित करेंगे।

 

साथ ही, राज्य के कई जिलों में सार्वजनिक प्रसारण सेवाओं तक पहुंच बढ़ाएंगे। प्रधानमंत्री मदुरै में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की रैली को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वे तिरुप्पारनकुंड्रम स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना भी करेंगे।