फ़रवरी 6, 2026 8:24 पूर्वाह्न

printer

आज जम्मू में सीमा सुरक्षा की समीक्षा करेंगे गृहमंत्री अमित शाह

गृहमंत्री अमित शाह आज जम्मू में सीमा सुरक्षा की समीक्षा करेंगे। गृहमंत्री कल रात दो दिन के दौरे पर जम्मू पहुंचे। वे सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलेंगे और समग्र कानून-व्यवस्था की स्थिति का मूल्यांकन तथा वर्तमान विकास परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करेंगे।

   

गृहमंत्री आज कठुआ जिले के हीरानगर में अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा करेंगे और सीमा-पार घुसपैठ रोकने के लिए सीमा सुरक्षा बल द्वारा प्रयुक्त उपकरणों और साजो-सामान का निरीक्षण करेंगे। श्री शाह बोबिया और गुरनाम में सीमा सुरक्षा बल की चौकियों का भी दौरा करेंगे। गृहमंत्री शहीद सैनिकों के परिवारों से जम्मू के लोक भवन में मुलाक़ात कर नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

   

सुरक्षा समीक्षा बैठक में जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा, अर्धसैनिक बलों के प्रमुख और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी शामिल होंगे। गृह मंत्री कल श्रीनगर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। एक महीने से भी कम समय में श्री शाह की जम्मू-कश्मीर की यह दूसरी समीक्षा बैठक होगी। उन्होंने आठ जनवरी को नई दिल्ली में भी एक बैठक में स्थिति का जायजा लिया था।