मई 17, 2025 9:42 पूर्वाह्न

printer

आगामी 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्तराखंड में पौधरोपण और मतदाता जागरुकता अभियान की शुरुआत होगी

आगामी 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेश भर में पौधरोपण और मतदाता जागरुकता अभियान की शुरुआत होगी। इस अभियान में प्रदेश के सभी पोलिंग बूथों सहित पूरे प्रदेश में दो लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने कल इसकी तैयारियों के सम्बंध में इस अभियान से जुड़े सभी प्रमुख विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि लोकपर्व हरेला के साथ जोड़ते हुए पूरे जुलाई माह तक अभियान को चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 11 हजार 700 से अधिक पोलिंग बूथ हैं, इस अभियान में प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 10 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा जाएगा। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर सबसे बुजुर्ग, नए एवं महिला मतदाताओं से पौधरोपण कराया जाएगा। अभियान में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि पौधरोपण के बाद उन पौधों की देखभाल के लिए भी संबंधित लोगों से सहयोग लिया जाएगा। इस अभियान को व्यापक रुप देने के साथ ही पौधरोपण करने वाले मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। अभियान में बढ़चढ कर हिस्सा लेने वाले मतदाताओं को पुरुस्कृत किया जाएगा।