आगामी 1 जून को होने जा रहे आम लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाता तथा 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाता पोस्टल बैलेट के माध्यम से घर पर ही मतदान कर रहे हैं। जोगिन्दर नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में पोस्टल बैलेट मतदान अभियान के तीसरे दिन वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढक़र अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस दौरान उन्होंने मतदान कर न केवल अपने लोकतांत्रिक दायित्व का निर्वहन किया बल्कि 1 जून को दूसरे मतदाताओं को मतदान में बढ़-चढक़र अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाने को प्रेरित भी कर रहे हैं।
इस बात की पुष्टि करते हुए सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर मनीश चौधरी ने बताया कि आम लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाताओं एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा घर पर ही उपलब्ध करवाई है। पोस्टल बैलेट से घर-घर मतदान संपन्न करवाने को 12 मोबाइल टीमें कार्य कर रही हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जोगिन्दर नगर विस निर्वाचन क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं जिसमें शतायु मतदाताओं की भागीदारी काफी उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि हमारे ये शतायु मतदाता न केवल दूसरे मतदाताओं विशेषकर युवाओं के लिए एक रोल मॉडल की तरह हैं बल्कि प्रेरणा का कार्य भी कर रहे हैं। उन्होंने जोगिन्दर नगर विस निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदाताओं से आगामी 1 जून को मताधिकार का जरूर इस्तेमाल करने का आह्वान भी किया है।
Site Admin | मई 23, 2024 4:54 अपराह्न
आगामी 1 जून को होने जा रहे लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत पोस्टल बैलेट के माध्यम से घर पर मतदान जारी है