बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी-बी एन पी ने आज कहा कि आगामी राष्ट्रीय चुनाव में जनादेश से सत्ता में वापसी होने पर उसकी विदेश नीति “बांग्लादेश प्रथम” के सिद्धांत पर आधारित होगी। जिसमें सभी अंतरराष्ट्रीय संबंधों का केन्द्र राष्ट्रीय संप्रभुता, सुरक्षा और नागरिक कल्याण होगा।
बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान ने एक समारोह में पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान पार्टी ने एक स्वतंत्र और आत्मसम्मानित विदेश नीति के लिए अपने दृष्टिकोण की रूपरेखा प्रस्तुत की।
घोषणापत्र में बीएनपी ने समानता, निष्पक्षता और पारस्परिक सम्मान के आधार पर वैश्विक मामलों में सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने की बात कही। इसने अंतरराष्ट्रीय कानून, व्यावहारिकता और पारस्परिक हितों की मान्यता पर आधारित द्विपक्षीय और बहुपक्षीय संबंध बनाने का संकल्प लिया। साथ ही अन्य देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने और बांग्लादेश के घरेलू मामलों में हस्तक्षेप को अस्वीकार करने का रुख स्पष्ट किया।
घोषणापत्र में आर्थिक कूटनीति पर विशेष बल दिया गया है, जिसमें नए बाजारों में प्रवेश करने, तरजीही व्यापार समझौते करने और विदेशी प्रत्यक्ष निवेश आकर्षित करने, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को सुगम बनाने तथा औद्योगिक मूल्यवर्धन को बढ़ावा देने के लिए रणनीतिक साझेदारी विकसित करने की योजनाएं शामिल हैं। इसमें कुशल बांग्लादेशी कामगारों के लिए विदेशों में अवसर बढ़ाने के लिए श्रम और प्रवासन कूटनीति पर भी प्रकाश डाला गया है।
बीएनपी ने कहा कि वह प्रमुख वैश्विक शक्तियों और प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के साथ संबंधों को मजबूत करेगी। साथ ही निर्यात में विविधता लाएगी और कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बाजार तक पहुंच बढ़ाने के लिए दक्षिण अमरीका और अफ्रीका के साथ व्यापार का विस्तार करेगी।
घोषणापत्र में कहा गया है कि बीएनपी कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर, विदेशी मिशनों का विस्तार करके और राजनयिक कर्मियों के कौशल तथा क्षमता को बढ़ाकर विदेश मंत्रालय को मजबूत करेगी, जिससे वैश्विक मंच पर बांग्लादेश के हितों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।