जनवरी 26, 2026 6:29 अपराह्न

printer

आकाशवाणी मुख्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह, ‘मन की बात’ समाज के हर वर्ग के योगदान को मंच दे रहा है: केंद्रीय मंत्रीअश्विनी वैष्णव

आकाशवाणी ने आज नई दिल्ली में अपने मुख्यालय में गणतंत्र दिवस मनाया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशभर में समाज के हर वर्ग के लोगों के सकारात्मक योगदान को मान्यता देने और उसे बढ़ावा देने वाले मंच के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम लोगों के सकारात्मक कार्यों को उजागर करने का माध्यम है।

इस कार्यक्रम में सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन, मंत्रालय के सचिव संजय जाजू, प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने आकाशवाणी भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के विशेष आमंत्रित अतिथि भी समारोह में उपस्थित थे। ये अतिथि आज सुबह कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में भी शामिल हुए थे। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में पद्म श्री पुरस्कार विजेता जावेद अहमद टाक ने बताया कि उन्हें ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल किया गया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें दिव्यांगजनों का आदर्श बताया था।

इसी बीच, भारोत्तोलक अस्मिता धोणे ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई उनकी बातचीत ने उन्हें अपने खेल में और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया।