अप्रैल 10, 2025 6:46 अपराह्न

printer

आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम में बागेश्वर जिले का कपकोट ब्लॉक उत्तराखंड में शीर्ष स्थान पर

बागेश्वर जिले के कपकोट ब्लॉक ने नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। डेल्टा रैंकिंग में कपकोट ब्लॉक, उत्तराखंड में शीर्ष स्थान प्राप्त करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 40वें स्थान पर पहुंचा है। यह उपलब्धि क्षेत्र के समग्र विकास और प्रशासनिक प्रयासों का प्रमाण है।

 

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि कपकोट ब्लॉक की यह सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। यह दर्शाता है कि जब प्रशासन और जनता मिलकर कार्य करते हैं, तो असंभव लगने वाले लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं।

 

कपकोट ब्लॉक की इस उपलब्धि से प्रेरित होकर, अन्य विकासखंड भी अपने क्षेत्रों में विकास की गति को तेज़ करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। यह सफलता दर्शाती है कि सही दिशा में किए गए प्रयास और समर्पण से किसी भी क्षेत्र का विकास संभव है।

 

गौरतलब है कि इस कार्यक्रम के तहत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास और बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सुधार के लिए कार्य किया जाता है। कपकोट ब्लॉक ने इन सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है, जिससे यह रैंकिंग में उच्च स्थान प्राप्त कर सका।