जुलाई 7, 2024 9:35 अपराह्न

printer

आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में संपूर्णता अभियान शुरू किया गया

नीति आयोग द्वारा अपेक्षाकृत पिछड़े और दूरदराज क्षेत्रों के विकास में तेजी लाने के लिए देशभर में आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में संपूर्णता अभियान शुरू किया गया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के कोहाकामेटा गांव में पंचायत स्तर पर संपूर्णता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत नारायणपुर के दस और ओरछा के चार विकासखंडों में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी जानकारी, कृषि तकनीकों का प्रदर्शन, महिला और बाल विकास के लिए योजनाएं और आजीविका सुधार के लिए जानकारी शामिल हैं।
वहीं, कोरबा जिले के कोरबा और पोड़ी-उपरोड़ा में भी कल संपूर्णता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक में संपूर्णता अभियान के सभी मानकों को सहभागिता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी नागरिकों को मिलना चाहिए। दोनों आकांक्षी ब्लॉकों में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिविर और पोषण वाटिका स्टॉल लगाई गई। इसके साथ ही हितग्राहियों को चेक, मृदा परीक्षण कार्ड जैसे विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया।