आईसीसी टी-20 विश्व कप में मेज़बान श्रीलंका ने पल्लेकेले अंतराष्ट्रीय स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया को हराकर सुपर 8 में जगह पक्की कर ली है। पथुम निसांका के नाबाद शतक की बदौलत श्रीलंका ने सिर्फ़ 18 ओवर में 2 विकेट पर 184 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
निसांका का 52 गेंदों में लगाया गया शतक इस टूर्नामेंट का पहला शतक है। श्रीलंका के लिए कुसल मेंडिस ने भी 51 रन की तेज पारी खेली।
इससे पहले ओपनर मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड के तेज़ अर्धशतकों और 104 रन की ज़बरदस्त साझेदारी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने अच्छी शूरूआत की थी। लेकिन श्रीलंका ने बीच के ओवरों में शानदार वापसी की और ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट पर 181 रन पर रोक दिया।
श्रीलंका की ओर से दुशान हेमंथा ने तीन जबकि दुष्मंथा चमीरा ने दो विकेट लिए। पथुम निसांका को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया। ऑस्ट्रेलिया के 3 मैच से 2 अंक है और अब वह टूर्नामेंट में बने रहने के लिए दूसरे नतीजों पर निर्भर है।
कल एक और मैच में इंग्लैंड ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में ग्रुप-सी में इटली को 24 रन से हरा दिया। इंग्लैंड के 203 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली की टीम 20 ओवर में 178 रन पर ऑल आउट हो गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 202 रन बनाए थे।
इससे पहले दिन में अफ़गानिस्तान ने नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ग्रुप-डी के एक मैच में यूनाइटेड अरब अमीरात-यूएई को पांच विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।
161 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ़गानिस्तान ने 19 ओवर और 2 गेंद में पांच विकेट खोकर 162 रन बना लिए। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए यूएई ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 160 रन बनाए थे।
आज तीन मैच होने हैं। ग्रुप-डी में न्यूज़ीलैंड का मुकाबला कनाडा से चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में सुबह 11.00 बजे से होगा। ग्रुप-बी में आयरलैंड और जिम्बाब्वे पल्लेकेले अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगे।
यह मैच दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। ग्रुप-सी के एक मैच में स्कॉटलैंड का मुकाबला नेपाल से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। यह मुकाबला शाम सात बजे से शुरू होगा।