आईपीएल क्रिकेट में कल रात कोलकाता में पंजाब किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 8 विकेट से हरा दिया। पंजाब किंग्स ने 18.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 262 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। जॉनी बेयरस्टो ने पंजाब के लिए सर्वाधिक 108 रन बनाए जबकि शशांक सिंह ने 68 रन बनाए।
इससे पहले बैटिंग करते हुए कोलकाता ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 261 रन बनाए। कोलकाता के लिए फिलिप साल्ट ने सर्वाधिक 75 रन बनाए। सुनील नाराइन ने 71 रन बनाए। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। जॉनी बेयरस्टो को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
8 मैचों में से 5 मैच जीतकर कोलकाता नाइट राइडर्स अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है जबकि पंजाब किंग्स 9 मैचों में से 3 मैच जीतकर आठवें स्थान पर हैं।
आज दोपहर बाद दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। मैच 3.30 बजे से शुरू होगा। एक अन्य मैच में आज शाम लखनऊ सुपर जायन्टस का सामना अंक तालिका में शीर्ष पर मौजूद राजस्थान रॉयल्स से लखनऊ में होगा। ये मैच शाम 7.30 बजे शुरू होगा। अंक तालिका में लखनऊ सुपर जायन्टस चौथे स्थान पर है।
दिल्ली कैपिटल्स 9 मैचों में से 4 मैच जीतकर छठे स्थान पर है जबकि मुंबई इंडियन्स 8 मैचों में से 3 मैच जीतकर नौवें स्थान पर है।