भारत के सम्राट राणा ने कल काहिरा में आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ राणा व्यक्तिगत एयर पिस्टल विश्व खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। राणा ने 243.7 अंकों के साथ पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। भारत के ही वरुण तोमर को कांस्य पदक मिला। इससे पहले दोनों निशानेबाजों ने 586-586 अंकों के साथ क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष स्थान हासिल किया था।
राणा ने वरुण तोमर और श्रवण कुमार के साथ मिलकर भारत को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा का स्वर्ण दिलाने में भी मदद की। राणा ओलंपिक स्पर्धा में विश्व खिताब जीतने वाले पाँचवें भारतीय निशानेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि अभिनव बिंद्रा, रुद्राक्ष पाटिल, तेजस्विनी सावंत और शिव नरवाल व ईशा सिंह की की जोडी को मिली थी।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर व्यक्तिगत पदक से चूक गईं लेकिन उन्होंने ईशा सिंह और सुरुचि सिंह के साथ महिला टीम स्पर्धा का रजत पदक जीता। काहिरा चैंपियनशिप में भारत के पदकों की संख्या नौ हो गई है, जिसमें तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत चीन के बाद दूसरे स्थान पर है। चीन के 12 पदक हैं।