दक्षिण-पश्चिम मानसून आज मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों, उत्तरी अरब सागर के कुछ हिस्सों और मुंबई सहित महाराष्ट्र में आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कल तक दक्षिण कोंकण, गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, तटीय और उत्तरी कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 7 दिनों के दौरान गरज और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने बताया कि आज से पश्चिमोत्तर भारत में भीषण गर्मी का एक नया दौर शुरू हो गया है। पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान और मध्य प्रदेश में गुरुवार तक गर्म हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी भारत और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति जारी रह सकती है।