आंध्र प्रदेश सरकार ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम-टी.टी.डी के लड्डू प्रसाद में प्रयुक्त घी की खरीद से संबंधित मुद्दों की जांच के लिए एक अल्पकालिक प्रशासनिक समिति गठित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में कल राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
राज्य के वित्त मंत्री पय्यावुला केशव ने बताया कि समिति टीटीडी को आपूर्ति किए जाने वाले घी की आपूर्ति और गुणवत्ता नियंत्रण में कथित अनियमितताओं की जांच करने वाली विशेष जांच टीम -एसआईटी की रिपोर्ट का अध्ययन करेगी। उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट में निविदा शर्तों, खरीद और निगरानी प्रक्रियाओं में खामियों का पता चला है।
राज्य के वित्त मंत्री पय्यावुला केशव ने कहा कि समिति रिपोर्ट की विस्तृत समीक्षा, प्रशासनिक कमियों की पहचान और जवाबदेही तय करेगी। यह समिति खरीद प्रणालियों को मजबूत करने और भविष्य में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए उपायों की भी सिफारिश करेगी।