आंध्र प्रदेश में आदिवासी संत सेवालाल महाराज की 287वीं जयंती आज श्रद्धापूर्वक मनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कल अमरावती स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित समारोह में भाग लिया और संत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संत सेवालाल महाराज के आदर्शों से प्रेरित होकर आदिवासी समुदायों के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने संत सेवाालाल को बंजारा समुदाय का एक आध्यात्मिक गुरू बताते हुए कहा कि सेवालाल महाराज ने सदियों पहले महिलाओं की समानता की वकालत की और अपना जीवन वनवासियों और घुमंतू जनजातियों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि सेवा, करुणा, प्रकृति के प्रति सम्मान और धार्मिक जीवन के उनके उपदेश आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सेवालाल महाराज की जयंती को राज्य उत्सव के रूप में मनाने के लिए 50 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
अनंतपुर जिले के सेवा गढ़ में, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य जे. हुसैन नायक ने सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया और सेवालाल महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बंजारा समुदाय के युवाओं से अपनी परंपराओं और संस्कृति को संरक्षित रखते हुए उच्च शिक्षा प्राप्त करने का आग्रह किया।