केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि आंध्र प्रदेश में गूगल का नया गीगावाट-स्तरीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई हब भारत के एआई मिशन के लक्ष्यों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नई दिल्ली में भारत एआई शक्ति कार्यक्रम में श्री वैष्णव ने कहा कि यह एआई हब भारत के एआई मिशन में कई तरह से योगदान देगा। उन्होंने कहा कि एआई आज दुनिया के कामकाज के तरीके को मौलिक रूप से बदल रहा है। उन्होंने गूगल से बड़े पैमाने पर आईटी पेशेवरों को पुनः-कौशल प्रदान करने और उनका कौशल बढ़ाने का आग्रह किया। श्री वैष्णव ने कहा कि एआई सेवाएं डिजिटल अर्थव्यवस्था में प्रमुखता से उभर रही हैं। उन्होंने कहा कि विशाखापट्टणम में गूगल एआई हब भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए एक परिवर्तनकारी कदम है। श्री वैष्णव ने कहा कि इस सुविधा का उपयोग देश की प्रतिभा, युवाओं और एआई सेवाओं में रोजगार क्षमता के विकास में किया जाना चाहिए।
श्री वैष्णव ने पूर्वोत्तर राज्यों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मज़बूत करने के लिए विज़ाग-सितवे लिंक स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि म्यामां होते हुए मिज़ोरम तक केबल का विस्तार एक बड़ा कदम होगा। उन्होंने कहा कि सैरंग तक रेलवे लाइन पहले ही पूरी हो चुकी है और इसे म्यामां सीमा तक विस्तारित करने का काम जारी है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने भी कार्यक्रम एआई हब के शुभारंभ की प्रशंसा की। वित्त मंत्री ने कहा कि इस परियोजना का शुभारंभ प्रगतिशील नीति-निर्माण और शासन संबंधी निर्णय लेने में गतिशीलता के बीच सामंजस्य को दर्शाता है।