जनवरी 17, 2026 7:48 पूर्वाह्न

printer

आंध्र प्रदेश: मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू मंगलवार को देश के पहले मेगा ग्रीन अमोनिया संयंत्र की आधारशिला रखेंगे

आंध्र प्रदेश एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा नीति 2024 के अंतर्गत, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू मंगलवार को काकीनाडा में देश के पहले मेगा ग्रीन अमोनिया संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी उनके साथ उपस्थित रहेंगे। आंध्र प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष जनवरी में ग्रीनको समूह की एएम ग्रीन कंपनी को इस परियोजना की मंजूरी दी थी। इस परियोजना में 13 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। नागार्जुन फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड के मौजूदा ग्रे अमोनिया संयंत्र को ब्राउनफील्ड पुनर्विकास के माध्यम से ग्रीन अमोनिया संयंत्र में परिवर्तित किया जा रहा है।

ग्रीन अमोनिया एक स्वच्छ ईंधन है और इससे कार्बन उत्सर्जन नहीं होता है। ग्रे और ब्लू अमोनिया के विपरीत, यह कोयला, तेल या प्राकृतिक गैस पर निर्भर नहीं करता है। वैश्विक साझेदारों के सहयोग से यह संयंत्र 495 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। इससे लगभग 2,600 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है और 2027 के अंत तक इसका परिचालन शुरू हो जाएगा। काकीनाडा बंदरगाह के निकट स्थित इस परियोजना में निर्यात की अपार संभावनाएं हैं। इसके अतिरिक्त, एएम ग्रीन काकीनाडा में लगभग 2000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 2 गीगावाट की इलेक्ट्रोलाइजर निर्माण इकाई स्थापित कर रही है।