आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आज श्रीकाकुलम में फैले डायरिया के प्रकोप और राजामुंद्री में दूध में मिलावट की घटना की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जन स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
श्रीकाकुलम की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और जिला अधिकारियों से बातचीत की और प्रभावित लोगों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्तमान में 76 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है और दो को छोड़कर सभी की हालत स्थिर है।