आंध्र प्रदेश के तिरुपति में भगदड़ से छह लोगों की मौत हो गई। ये हादसा 10 से 12 जनवरी को वैकुंठ एकादशी दर्शन के लिए टोकन जारी करने वाले काउंटर पर हुआ। भगदड़ में घायल हुए 40 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वैकुंठ एकादशी दर्शन काफी शुभ माना जाता है। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ने एक लाख बीस हजार टोकन जारी करने के लिए तिरुपति में तीन अलग-अलग स्थानों पर 94 काउंटर बनाए हैं। तिरुपति शहर में रामानायडू स्कूल के पास बने काउंटर से टोकन पाने के लिए भगदड़ मची और ये हादसा हो गया।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सेवा प्रदान कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आज दोपहर तिरुपति का दौरा कर स्थिति की समीक्षा करेंगे। इस बीच, तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घायलों की जानकारी देने और सहायता प्रदान करने के लिए एक नियंत्रण कक्ष और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 0877-2236007 स्थापित किया गया है।