बंगाल की खाड़ी पर बना गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में बदल गया है। मौसम विभाग ने इसके कल सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके पूर्वी मध्य अरब सागर में पूर्वोत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। मछुआरों को बुधवार तक बंगाल की खाड़ी, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा तटों पर न जाने का परामर्श दिया गया है। समुद्र में मौजूद लोगों को तुरंत तट पर लौटने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक तेज वर्षा की आशंका व्यक्त की है। तटीय कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, केरल और माहे, ओडिशा, रायलसीमा तथा तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल, छत्तीसगढ़, आंतरिक कर्नाटक, कोंकण और गोवा, तेलंगाना और
पश्चिम मध्य प्रदेश में बहुत तेज वर्षा की संभावना है।