अगस्त 8, 2025 1:11 अपराह्न

printer

अर्जुन एरिगैसी और जर्मन ग्रैंडमास्टर विंसेंट कीमर ने चेन्नई में आयोजित क्वांटबॉक्स चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स 2025 टूर्नामेंट में जीत के साथ अभियान की शुरुआत की

विश्व में 5वीं वरीयता प्राप्‍त खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी और जर्मन ग्रैंडमास्टर विंसेंट कीमर ने चेन्नई में आयोजित क्वांटबॉक्स चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स 2025 टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। भारत के ग्रैंडमास्टर प्रणव वी और कार्तिकेयन मुरली के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। विश्व में पूर्व छठी वरीयता प्राप्‍त अनीश गिरी और अमरीकी ग्रैंडमास्टर रे रॉबसन तथा भारत के विदित गुजराती और डच ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वैन फॉरेस्ट के बीच मुकाबला भी बराबरी पर खत्‍म हुआ।

 

चैलेंजर्स वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय ग्रैंडमास्टर्स दिप्तायन घोष, लियोन ल्यूक मेंडोंका और एम प्रणेश ने शुरुआती दौर में जीत दर्ज की और कड़े मुकाबलों में बढ़त हासिल की। वर्ल्‍ड ग्रैंडमास्‍टर वैशाली रमेशबाबू, ग्रैंडमास्टर अभिमन्यु पुराणिक और ग्रैंडमास्टर इनियन पा के मुकाबले ड्रॉ रहे, जबकि अनुभवी खिलाड़ी हरिका द्रोणावल्ली, आर्यन चोपड़ा और हर्षवर्धन जीबी को शुरुआती दौर में हार का सामना करना पड़ा।

 

क्वांटबॉक्स चेन्नई ग्रैंडमास्टर्स ने अपने तीसरे संस्करण में भारत के सबसे मजबूत क्लासिकल-फॉर्मेट शतरंज टूर्नामेंट के रूप में अपनी जगह पक्की कर ली है। दस दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट में नौ दौर आयोजित किए जाएंगे और मास्टर्स तथा चैलेंजर्स वर्ग में 20 श्रेष्‍ठ खिलाड़ी भाग लेंगे। 2026 के कैंडिडेट्स क्वालिफिकेशन के लिए महत्वपूर्ण फिडे सर्किट अंकों के साथ ₹1 करोड़ का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस टूर्नामेंट की शुरूआत 6 अगस्त को हुई जा 15 अगस्‍त तक चलेगी। इसमें सभी मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर तीन बजे शुरू होंगे, जबकि अंतिम दौर के मैच दोपहर एक बजे शुरू होंगे। सभी मैच यूट्यूब और शतरंज के सभी प्रमुख प्‍लेटफॉर्म से प्रसारित किए जाएंगे।