अरब लीग के महासचिव अहमद अबुल घीत आज दूसरी भारत-अरब विदेश मंत्रियों की बैठक और अन्य संबंधित बैठकों के लिए नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अगले दो दिनों में होने वाली उच्च स्तरीय बैठकें विभिन्न क्षेत्रों में भारत-अरब साझेदारी को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। इससे पहले आज ही फिलिस्तीन के विदेश और प्रवासी मामलों के मंत्री वर्सेन अघाबेकियन शाहिन इस बैठक के लिए राजधानी पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा फिलिस्तीन और अरब के लोगों के साथ भारत की साझेदारी की पुष्टि करती है।
कोमोरोस के विदेश मंत्री म्बाए मोहम्मद और सूडान के विदेश मामलों और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग मंत्री मोहिएलदीन सलीम अहमद इब्राहिम भी भारत पहुंचे। मंत्रालय ने कहा कि उनकी यात्रा से भारत और इन देशों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध और सुदृढ़ होंगे।
भारत 31 जनवरी को दूसरे, भारत-अरब विदेश मंत्रियों के सम्मेलन की मेजबानी करेगा। भारत और संयुक्त अरब अमीरात इस सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। अरब लीग के अन्य सदस्य देशों के विदेश मंत्री और अरब लीग के महासचिव भी इस सम्मेलन में भाग लेंगे। यह पहली बार है जब भारत नई दिल्ली में इस सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इसमें अरब के सभी 22 देशों के विदेश मंत्री, अन्य मंत्री, राज्य मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा अरब लीग के सदस्य भाग लेंगे।