जून 4, 2025 2:02 अपराह्न

printer

सऊदी अरब में हज यात्रा शुरू; दुनिया भर से लगभग 18 लाख हज यात्री मीना में एकत्र हुए

भारत सहित दुनिया भर से लगभग 18 लाख हजयात्री आज से शुरू हुई पांच दिवसीय वार्षिक हज यात्रा के लिए सऊदी अरब के मीना में एकत्रित हो रहे हैं।

 

हज यात्रीयों ने पवित्र शहर मक्का से अपनी यात्रा शुरू की और मीना में एकत्रित हुए। ये लोग आज रात मीना में बिताएंगे और कल सुबह हज की मुख्य रस्म अदा करने के लिए अराफात के मैदान जाएंगे।

 

इससे पहले, अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मंत्रालय का निरंतर प्रयास है कि प्रत्येक भारतीय हज यात्री के लिए एक आरामदायक और सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित की जाए।

 

“हज सुविधा” मोबाइल ऐप के साथ, भारतीय हजयात्री को सूचना और शिकायत रिपोर्टिंग सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।