अयोध्या के भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के श्रीविग्रह की स्थापना के बाद इस वर्ष दीपावली पर आयोजित होने जा रहा दीपोत्सव बेहद खास होगा। इस बार चार दिनों का भव्य दीपोत्सव 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 2017 से ही दीपावली पर अयोध्या के सरयू घाट पर रिकॉर्ड संख्या में दीप जगमग होते रहे हैं, लेकिन इस वर्ष 8वें दीपोत्सव में राम की पैड़ी, नया घाट समेत अयोध्या के विभिन्न घाटों को 25 लाख से ज्यादा दीयों से सजाया जाएगा।
इसके लिए इंटेलिजेंट डायनेमिक कलर चेंजिंग एलईडी डेकोरेटिव पैनल्स और मल्टीमीडिया प्रोडक्शन समेत विभिन्न प्रकार की आधुनिक लाइटिंग का प्रयोग होगा। दीपोत्सव के दौरान लेजर शो, आर्टिस्टिकली कोरियोग्राफर फायरक्रैकर शो समेत विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन होंगे। चार दिनों तक दीपोत्सव के दौरान 100 से ज्यादा कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।