अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिका-इज़राइल के हवाई हमलों में मौत हो गई है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि खामेनेई की मौत ईरानी जनता के लिए अपने देश को वापस लेने का बड़ा अवसर है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि बमबारी पूरे सप्ताह या उससे भी अधिक समय तक जारी रहेगी। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने भी अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि की है।
संयुक्त अमरीकी और इजराइली हवाई हमलों में ईरान के सैन्य और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाया गया। खबरों के अनुसार, हमलों में लगभग 40 ईरानी अधिकारी भी मारे गए हैं। ईरान में 40 दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, अब-तक करीब 201 लोगों की मौत और 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
जवाबी कार्रवाई में ईरान ने मध्य पूर्व के विभिन्न क्षेत्रों में हमले किए। दुबई, दोहा, बहरीन और कुवैत में ईरानी हमलों की खबरें हैं – ये वे स्थान हैं जहां अमेरिकी सैन्य अड्डे हैं या जो अमेरिका के सहयोगी हैं।
कल अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर समन्वित हमले किए, जिससे पश्चिम एशिया में तनाव काफी बढ़ गया और पूरे क्षेत्र में व्यापक जवाबी कार्रवाई हुई।