भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस वोट बैंक के लिए बांग्लादेश के घुसपैठियों का समर्थन कर रही है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी पर नागरिकता संशोधन कानून के नाम पर आम लोगों को भड़काने का भी आरोप लगाया। श्री शाह पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार जगन्नाथ सरकार के समर्थन में पश्चिम बंगाल के राणाघाट में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
श्री शाह ने कहा कि संदेशखाली घटना के पीछे जो भी लोग हैं उन्हें सजा दी जायेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और तृणमूल दोनों भ्रष्ट हैं। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी राज्य भर्ती सेवाओं, नगरपालिका भर्ती, शिक्षक भर्ती में भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने मतदाताओं से तृणमूल कांग्रेस को खारिज करने और विकास के लिए वोट करने का आग्रह किया।