अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि रूस और यूक्रेन युद्ध विराम और युद्ध को समाप्त करने के लिये प्रत्यक्ष बातचीत शुरू करेंगे। उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर लम्बी बातचीत के बाद कहा कि पुतिन से बातचीत सकारात्मक रही और दोनों देश बातचीत के लिए तैयार हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रम्प ने ज़ोर देते हुए कहा कि रूस और यूक्रेन स्वयं ही शांति वार्ता करेंगे क्योंकि वे संघर्ष को सबसे अच्छी तरह समझते हैं।
श्री ट्रम्प ने यह भी कहा कि रूस युद्ध के बाद अमेरिका के साथ प्रमुख व्यापार सौदे करने का इच्छुक है और इससे बड़ी संख्या में रोजगार और धन का सृजन हो सकता है। यूक्रेन भी अपने पुनर्निर्माण के दौरान व्यापार से लाभ उठा सकता है।
श्री ट्रम्प ने यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की, यूरोपीय संघ सहित विश्व के अन्य प्रमुख नेताओं को इस बारे में जानकारी दी। नव निर्वाचित पोप लियो चौदहवें ने रूस-यूक्रेन वार्ता की मेजबानी करने की पेशकश की है। यह प्रस्ताव तुर्किए के इस्तांबुल में विफल युद्ध विराम वार्ता के बाद आया है।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने पुष्टि की है कि रूस संभावित शांति समझौते पर यूक्रेन के साथ काम करने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि वार्ता सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने भी कहा कि यूक्रेन रूस के साथ तुर्किये, स्विटज़रलैंड या वेटिकन में शांति वार्ता करने को तैयार है। उन्होंने पूर्ण और बिना शर्त युद्धविराम का आह्वान किया। ज़ेलेंस्की ने रूस से इस महत्वपूर्ण वार्ता में शामिल होने की समान इच्छा दिखाने का आग्रह किया।