मई 1, 2025 8:45 अपराह्न

printer

अमरीकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बातचीत की

अमरीकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बातचीत की और पहलगाम में हुए आतंकी हमले में लोगों की दुखद मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की। श्री हेगसेथ ने कहा कि अमरीका भारत के साथ एकजुटता से खड़ा है और भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के लिए अमरीकी के मजबूत समर्थन को दोहराया।

    बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री ने श्री हेगसेथ को बताया कि पाकिस्तान का आतंकवादी संगठनों को समर्थन, प्रशिक्षण और वित्त पोषण करने का इतिहास रहा है। श्री सिंह ने कहा कि पाकिस्तान एक आतंकी देश के रूप में सामने आया है, जो वैश्विक आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है और क्षेत्र को अस्थिर कर रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया अब आतंकवाद के प्रति आंखें मूंद कर नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि वैश्विक समुदाय के लिए आतंकवाद के ऐसे जघन्य कृत्यों की स्पष्ट रूप से निंदा करना और उन्हें उजागर करना महत्वपूर्ण है।