जनवरी 12, 2026 8:31 अपराह्न

printer

अमरीकी अटॉर्नी कार्यालय ने फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष पर आपराधिक जांच शुरू की

कोलंबिया स्थित अमरीकी अटॉर्नी कार्यालय ने फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम एच पॉवेल पर केंद्रीय बैंक के वाशिंगटन मुख्यालय के नवीनीकरण को लेकर आपराधिक जांच शुरू कर दी है। पॉवेल ने कहा कि अमरीका के न्याय विभाग ने एजेंसी को समन भेजा और फेडरल रिजर्व भवनों के नवीनीकरण के लिए सीनेट समिति को दिए गए साक्ष्‍य के लिए आपराधिक आरोप लगाने की धमकी दी। उनका मानना ​​है कि यह जांच इसलिए शुरू की गई है क्योंकि उन्होंने ब्याज दरें कम करने से इनकार करके अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को नाराज कर दिया था।

इससे पहले, राष्ट्रपति ट्रंप ने पॉवेल को पद से हटाने की धमकी दी थी। हालांकि उन्होंने ही 2017 में उन्हें इस पद के लिए नामित किया था। मीडिया को दिए एक साक्षात्कार में श्री ट्रंप ने कहा कि उन्होंने तय कर लिया है कि वे फेड अध्यक्ष के रूप में श्री पॉवेल की जगह किसे नियुक्त करना चाहते हैं। इस बीच, ट्रंप ने पॉवेल के खिलाफ न्याय विभाग की जांच के बारे में किसी भी जानकारी से इनकार किया।