अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने आज कहा कि अमरीका, यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधिमंडल 314 कैदियों की अदला-बदली करने पर सहमत हुए हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में विटकॉफ ने बताया कि शांति वार्ता के बाद यह फैसला किया गया है। यह शांति वार्ता व्यापक और सार्थक रही। हालांकि, दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्ति के लिए अभी भी महत्वपूर्ण कदम उठाना बाकी है। स्टीव विटकॉफ ने कहा कि पिछले पांच महीनों में कैदियों की इस तरह की पहली अदला-बदली है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दूत किरिल दिमित्रीव ने कहा कि इस मामले में प्रगति हुई है और चार वर्ष पुराने युद्ध को समाप्त करने के उपायों पर वार्ता में आगे बढ़ने की दिशा में सकारात्मक बदलाव आया है। यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार ने कल अबू धाबी में हुई अमरीका की नेतृत्व वाली पहले दिन की नई वार्ता को सफल बताया है।