अमरीका में फिलीपींस के राजदूत जोस मैनुअल डेल गैलेगो रोमुअलडेज़ ने भारत-फिलीपींस की मज़बूत साझेदारी की सराहना की है। उन्होंने भारत को फिलीपींस के सबसे करीबी मित्रों और प्रमुख रक्षा साझेदारों में से एक बताया। श्री जोस ने वाशिंगटन में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत से खरीदी गई ब्रह्मोस मिसाइलों को रक्षा संबंधों के प्रगाढ़ होने का प्रमाण बताया। फिलीपींस ने हाल ही में भारत से 37 करोड़ पचास लाख डॉलर मूल्य की ब्रह्मोस मिसाइलों का सौदा किया है। जिससे दक्षिण चीन सागर में उसकी सैन्य क्षमता बढ़ जायेगी।
श्री जोस ने अगस्त में राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की भारत की सफल यात्रा का भी उल्लेख किया, जिसके दौरान दोनों पक्षों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक मजबूत किया। इस दौरान फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, अंतरिक्ष, पर्यटन और डिजिटल प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की थी। दोनों देशों ने मुक्त और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की।