मार्च 21, 2026 9:52 अपराह्न

printer

अमरीका ने ईरान पर तेल बिक्री के कुछ प्रतिबंधों में दी ढील

अमरीका ने वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर युद्ध के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से ईरान पर लागू तेल बिक्री के कुछ प्रतिबंधों में ढील दी है। इससे समुद्र में फंसे माल की सीमित बिक्री की अनुमति मिल गई है। अमरीका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने जहाजों पर पहले से लदे ईरानी कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री के लिए एक सीमित, अल्पकालिक अधिकारों की घोषणा की है जो अगले महीने की 19 तारीख तक वैध है।

इस कदम से वैश्विक बाजारों में लगभग 14 करोड़ बैरल तेल उपलब्ध हो सकता है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि कीमतों पर इसका प्रभाव सीमित होगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि इससे ईरान के लिए धन में वृद्धि हो सकती है। संघर्ष शुरू होने के बाद से तेल और गैस की कीमतों में उछाल आया है और ब्रेंट क्रूड लगभग 112 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। युद्ध से पहले प्रतिबंधों के दौरान केवल चीन रियायती ईरानी तेल का मुख्य खरीदार था। इस छूट से भारत, जापान और मलेशिया जैसे देशों को तेल की आपूर्ति हो सकती है।