मार्च 14, 2026 8:44 पूर्वाह्न

printer

अमरीका ने ईरान के खर्ग द्वीप पर भीषण बमबारी की, द्वीप पर मौजूद सभी सैन्य ठिकाने पूरी तरह नष्ट करने का दावा किया

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान की महत्वाकांक्षा पूरे पश्चिम एशियाई क्षेत्र पर प्रभुत्व स्थापित करने और इज़राइल को नष्ट करने की थी, लेकिन अब उनकी ये योजनाएँ खत्म हो चुकी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रंप ने कहा कि अमरीकी केंद्रीय कमान ने ईरान के खर्ग द्वीप पर सैन्य ठिकानों पर एक बड़ा बमबारी अभियान चलाया। उन्‍होंने इस अभियान में द्वीप पर मौजूद हर सैन्य ठिकाने को पूरी तरह से नष्ट करने का भी दावा किया। श्री ट्रंप ने कहा कि यह इस क्षेत्र के इतिहास में सबसे शक्तिशाली बमबारी अभियानों में से एक था। उन्होंने कहा कि अमरीका ने जानबूझकर द्वीप पर मौजूद तेल अवसंरचना पर हमला नहीं किया। श्री ट्रंप ने कहा कि अमरीकी हथियार दुनिया के सबसे शक्तिशाली और अत्याधुनिक हथियार हैं।

इस बीच, अमरीकी सेना ने पश्चिम एशिया में 2,500 मरीन सैनिक और एक युद्धपोत भेजने का आदेश दिया है। उधर, तेहरान में हजारों लोगों की फलिस्तीनियों के समर्थन में आयोजित वार्षिक रैली के दौरान एक भीषण विस्फोट हुआ। इज़राइल ने मध्य तेहरान के इस क्षेत्र को निशाना बनाने की चेतावनी दी थी।

ईरान ने इज़राइल और पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन से लगातार हमले जारी रखे हैं। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से बंद कर दिया है, जिससे दुनिया के 20 प्रतिशत तेल का व्यापार होता है। इसके बावजूद, अमरीकी और इज़राइली युद्धक विमान ईरान में सैन्य और अन्य ठिकानों पर बमबारी कर रहे हैं।

लेबनान में लगभग 800 लोगों के मारे जाने से मानवीय संकट गहरा गया है। आठ लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। इज़राइल ने ईरान समर्थित हिजबुल्लाह आतंकवादियों के खिलाफ लगातार हमले किए हैं। आगे भी हमलों के जारी रहने की चेतावनी दी गई है।