अमरीका के विदेश विभाग ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान यात्रा की योजना बना रहे अमरीकी नागरिकों से पुनर्विचार करने को कहा है। विभाग ने अपने परामर्श में, अपराध, नागरिक अशांति, आतंकवाद और अपहरण के खतरे के कारण यात्रियों को पाकिस्तान जाने से पहले विचार करने की सलाह दी है। विदेश विभाग के अनुसार, आम तौर पर निशाना बनाए जाने वाले स्थानों में परिवहन केंद्र, होटल, बाजार, शॉपिंग मॉल, सैन्य और सुरक्षा स्थल, हवाई अड्डे, रेलगाड़ी, विद्यालय, अस्पताल, धार्मिक और पर्यटन स्थल शामिल हैं। परामर्श में उल्लेख किया गया है कि आतंकवादी हमले आमतौर पर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में होते हैं, जिनमें पूर्व संघीय प्रशासित जनजातीय क्षेत्र भी शामिल है। परामर्श के अनुसार कराची और इस्लामाबाद जैसे प्रमुख शहरों में भी हमले हुए हैं।
इस महीने की शुरुआत में, अमरीका के विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने घोषणा की थी कि ट्रंप प्रशासन 21 जनवरी से 75 देशों के आप्रवासी वीजा आवेदकों के लिए प्रक्रिया को निलंबित कर रहा है। इससे अफ्रीका, मध्य पूर्व, कैरेबियन और लैटिन अमरीका, बाल्कन क्षेत्र और दक्षिण एशिया के कुछ देशों के आवेदक प्रभावित होंगे। इनमें पाकिस्तान और बांग्लादेश भी शामिल हैं।