अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनके कई मूल टैरिफ प्रस्तावों को रद्द करने के बाद, वे वैकल्पिक कानूनों का उपयोग करते हुए एक नया वैश्विक 10 प्रतिशत टैरिफ लगाएंगे।
ट्रम्प ने उन न्यायाधीशों के प्रति खेद व्यक्त किया है जिन्होंने उनके टैरिफ प्रस्तावों को रद्द करने के लिए मतदान किया और इस फैसले को बेहद निराशाजनक बताया।
अमरीका के सुप्रीम कोर्ट ने एक ऐतिहासिक फैसले में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए ग्लोबल टैरिफ को रद्द कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले में भारतीय मूल के वकील नील कत्याल की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
उन्होंने अमरीका की सबसे बड़ी न्यायिक संस्था के सामने इस मामले में बहस की। पूर्व कार्यवाहक सॉलिसिटर जनरल रहे कत्याल ने टैरिफ की वैधता को चुनौती देने वाले छोटे व्यवसायों के एक समूह का प्रतिनिधित्व किया। कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया।
श्री कत्याल ने एक मीडिया संस्थान को दिए साक्षात्कार में इस फैसले को अमरीकी लोकतंत्र की ताकत का सबूत बताया और इस बात पर संतोष जतया कि कोर्ट ने देश के बुनियादी मूल्यों को बनाए रखा है।