अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में अटलांटिक पार गठबंधन के प्रति अमरीका की प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि साझा इतिहास और रणनीतिक हितों के माध्यम से अमरीका, यूरोप से मूल रूप से जुड़ा हुआ है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ट्रंप प्रशासन अधिक संतुलित साझेदारी चाहता है। उन्होंने विरोधियों को रोकने और सामूहिक सुरक्षा तथा यूरोप की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने का आह्वान किया।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने उत्तर अटलांटिक संधि संगठन-नाटो के यूरोपीय सदस्यों से एकता के साथ कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यूरोप के पास अपार शक्ति है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि अमरीका की राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति में बदलाव के कारण यूरोप को अपनी रक्षा की प्राथमिक जिम्मेदारी स्वयं लेनी होगी। उन्होंने कहा कि यूरोप को विश्वसनीय सैन्य क्षमताएं विकसित करते हुए आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए तैयार रहना होगा।