अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर से मॉरीशस को डिएगो गार्सिया न सौंपने का आग्रह किया है। यह आग्रह परमाणु समझौते को लेकर अमरीका और ईरान के बीच सैन्य टकराव की आशंका के मद्देनजर किया गया है। 2025 के एक समझौते के अनुसार, ब्रिटेन को चागोस द्वीप समूह मॉरीशस को लौटाना है, जबकि डिएगो गार्सिया में स्थित अमरीकी-ब्रिटिश सैन्य अड्डे को 99 वर्षों के लिए पट्टे पर रखना है। ट्रंप ने चागोस द्वीप समूह को सौंपने और सैन्य अड्डे को पट्टे पर लेने को एक बड़ी गलती बताया। उन्होंने कहा कि जिनेवा वार्ता के बाद यदि ईरान परमाणु समझौते पर सहमत नहीं होता है, तो अमरीका संभावित हमले को रोकने के लिए डिएगो गार्सिया का इस्तेमाल कर सकता है। अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अमरीका नाटो सहयोगी ब्रिटेन के लिए लड़ने को तैयार है। उन्होंने ब्रिटेन से चुनौतियों का सामना करने के लिए मजबूत रहने को कहा है।
मॉरीशस को 1968 में ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता मिली, जबकि डिएगो गार्सिया एक उपनिवेश बना रहा। अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय के 2019 के फैसले और बढ़ते अंतर्राष्ट्रीय दबाव के बाद, ब्रिटेन ने मॉरीशस के साथ 2025 में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत चागोस द्वीप समूह को वापस लौटाया जाएगा और डिएगो गार्सिया सैन्य अड्डे को 99 साल के पट्टे पर मॉरीशस को दिया जाएगा।
डिएगो गार्सिया हिंद महासागर के मध्य में स्थित एक छोटा, दूरस्थ द्वीप है। अमरीका और ब्रिटेन एक दीर्घकालिक समझौते के तहत वहां एक बड़ा सैन्य अड्डा संयुक्त रूप से संचालित करते हैं। अपनी अलग-थलग स्थिति के कारण, यह मध्य पूर्व, फारस की खाड़ी और एशिया के कुछ हिस्सों सहित एक विशाल क्षेत्र में अभियानों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु के रूप में कार्य करता है।